निजी खर्च से डस्ट भरवाकर सड़क की कराई तत्काल मरम्मत
जमुआ : प्रखंड-अंचल एवं रजिस्ट्री कार्यालय जाने वाली सड़क पर गड्ढों और जलजमाव से लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि संजीत यादव ने पहल की है। उन्होंने अपने निजी खर्च से सड़क के गड्ढों में डस्ट भरवाकर तत्काल मरम्मत का कार्य कराया। बरसात के दौरान लगातार बारिश के कारण सड़क की स्थिति काफी खराब हो गई थी। जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए थे, जिनमें बारिश का पानी जमा रहने से राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। प्रखंड-अंचल कार्यालय, रजिस्ट्री कार्यालय सहित अन्य सरकारी कार्यालयों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचते हैं। ऐसे में खराब सड़क के कारण पैदल चलने वालों के साथ बाइक और चारपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
लोगों की समस्या को देखते हुए संजीत यादव ने अपने स्तर से डस्ट मंगवाकर गड्ढों को भरवाने का काम कराया। इससे फिलहाल राहगीरों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि डस्ट भरने से तत्काल आवागमन में सुविधा जरूर होगी, लेकिन सड़क की समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है। बरसात के बाद सड़क की समुचित मरम्मत के साथ जलनिकासी की बेहतर व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि जलजमाव के कारण सड़क दोबारा जर्जर न हो।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग एवं प्रशासन से सड़क का निरीक्षण कर स्थायी मरम्मत और जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है
रिपोर्टर : आशीष

No Previous Comments found.