जमुई मुख्य आरोपी नंदन पुलिस मुठभेड़ में घायल, पैर में गोली मारकर पुलिस ने किया गिरफ्तार

बिहार के जमुई जिले में 10वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा के साथ हुई दरिंदगी के मामले में पुलिस ने एक बड़ा एक्शन लिया है। इस सनसनीखेज कांड के मुख्य आरोपी नंदन यादव को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोच लिया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्य आरोपी नंदन घटना वाली जगह यानी "मड़वा पहाड़" के आसपास ही छिपा हुआ था। जब पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर उसे सरेंडर करने को कहा, तो वह भागने की कोशिश करने लगा जिसके बाद पुलिस ने खदेड़कर उसे पकड़ने का प्रयास किया, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में उसके बाएं पैर में गोली लग गई। इस मामले में पुलिस ने अब तक कुल पांच आरोपियों को दबोच लिया है। एक अन्य आरोपी हरेराम यादव का भी पैर टूटा हुआ मिला है, जिसे पुलिस ने हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया है। नंदन और हरेराम दोनों ही बालिग बताए जा रहे हैं, जबकि इससे पहले तीन नाबालिग आरोपियों को भी पकड़ा जा चुका है।

वायरल वीडियो से खुला था राज़, पुलिस ने लिया ताबड़तोड़ एक्शन 

सामने आए वायरल वीडियो में भगवा गमछे से अपना चेहरा छिपाने वाला शख्स मुख्य आरोपी नंदन ही बताया जा रहा है, जो वीडियो में लड़की को गोद में उठाकर ले जाते हुए नजर आया था। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि करने से इनकार किया है और कहा है कि जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

प्रशासन और सियासत का रुख:

बिहार बीजेपी के प्रवक्ता कुंतल कृष्ण ने इस एनकाउंटर पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आरोपी पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश कर रहा था। उन्होंने दो टूक कहा कि "ऐसे दरिंदों के लिए सभ्य समाज में कोई जगह नहीं है, बिहार में रहना है तो अपराध छोड़ना होगा।" वहीं, राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने भी इस घटना पर कड़ा संज्ञान लेते हुए डीजीपी को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

क्या था पूरा मामला?

यह पूरा मामला जमुई के मड़वा पहाड़ का है। 19 सितंबर को एक नाबालिग किशोरी अपने एक दोस्त के साथ घूमने गई थी। वापसी के दौरान कुछ मनचलों ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ गंभीर बदसलूकी व दुर्व्यवहार किया। यह शर्मनाक कृत्य 20 सितंबर को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और प्रशासन ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही शुरू कर दी, और सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.