जंतर-मंतर मारपीट मामले में आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज हिरासत में, बुलंदशहर से पकड़ा गया

दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान हुई मारपीट के मामले में दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को हिरासत में लिया है। पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से पकड़ा है।

पुलिस की यह कार्रवाई एक वायरल पॉडकास्ट क्लिप सामने आने के बाद हुई। इस क्लिप में स्वतंत्र भारद्वाज ने कथित तौर पर शिकायतकर्ता संजय कुमार पर हमला करने की बात कही थी। हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों और वायरल क्लिप की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

दरअसल, घटना 23 जून 2026 की है। उस समय जंतर-मंतर पर CJP का प्रदर्शन चल रहा था। शिकायतकर्ता संजय कुमार अपनी 14 वर्षीय बेटी के साथ प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे। शाम करीब 5:30 बजे जब वह अपने फोन से वीडियो बना रहे थे, तभी एक युवक के साथ उनका विवाद हो गया।

आरोप है कि 2-3 युवकों ने संजय कुमार को घेर लिया और उनके साथ मारपीट की। शिकायत के मुताबिक, घूंसे और लोहे के कड़े जैसी ठोस वस्तु से उनके सिर पर वार किया गया। घटना के बाद संजय कुमार को इलाज के लिए RML अस्पताल ले जाया गया, जहां मेडिकल रिपोर्ट में सिर पर दो कटे हुए घाव दर्ज किए गए।

संजय कुमार की शिकायत पर दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में FIR संख्या 62/2026 दर्ज की गई थी। पुलिस ने BNS की धारा 115(2), 126(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया था। घटना के दौरान पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज और सूरज कुमार को नामजद किया था।

मामले ने उस समय राजनीतिक और कानूनी तूल पकड़ा, जब एक पॉडकास्ट क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुई। क्लिप में स्वतंत्र भारद्वाज ने कथित तौर पर दावा किया कि उसी ने संजय कुमार के सिर पर वार किया था। साथ ही, उसने राजनीतिक प्रभाव के चलते बड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं होने का भी दावा किया।

इसके बाद निशु आजाद ने वायरल वीडियो का हवाला देते हुए पुलिस कार्रवाई की मांग की और न्याय की गुहार लगाई। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उन्हें पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया। राहुल गांधी के हस्तक्षेप के बाद कांग्रेस की लीगल टीम पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने पहुंची। टीम ने FIR में हेट स्पीच, SC/ST अत्याचार निवारण अधिनियम और आदतन अपराधी से जुड़ी धाराएं जोड़ने के साथ आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

फिलहाल दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज को बुलंदशहर से हिरासत में लिया है। मामले में पुलिस की जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.