दिल्ली में कल होने वाले प्रदर्शन पर पुलिस की सख्त पाबंदी, जंतर-मंतर जाने से रोका
नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार (10 अक्टूबर) को होने वाले एक राजनीतिक प्रदर्शन से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करने की इजाजत देने से इनकार कर दिया है। यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त की जवाबदेही और कथित 'वोट चोरी' के मुद्दों को लेकर युवाओं द्वारा आयोजित किया जाना था।
अंडरटेकिंग न मानने का हवाला
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रदर्शन को लेकर आवेदन बहुत कम समय पहले दिया गया था, जबकि तय दिशानिर्देशों के मुताबिक इसकी सूचना कम से कम 10 दिन पूर्व दी जानी चाहिए। साथ ही, पुलिस ने यह भी बताया कि अतीत में जब इसी पार्टी को विरोध प्रदर्शन की अनुमति दी गई थी, तब उन्होंने नियमों और अपनी अंडरटेकिंग (हलफनामे) का पालन नहीं किया था। जनता की सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए इस बार का आवेदन खारिज कर दिया गया है।
साथ ही प्रशासन ने याद दिलाया कि नई दिल्ली क्षेत्र में BNSS की धारा 163 प्रभावी है। कानून के इन प्रावधानों को तोड़ने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी शिकंजा कसा जाएगा।
मेट्रो यात्रियों के लिए जरूरी सूचना
संभावित भीड़भाड़ और संवेदनशील इलाकों की ओर लोगों के मूवमेंट को रोकने के मद्देनजर, पुलिस ने दिल्ली मेट्रो (DMRC) को एक पत्र भेजकर शुक्रवार रात 9 बजे से शनिवार तक 57 मेट्रो स्टेशनों पर विशेष इंतजाम करने को कहा है।
इस सूची में राजीव चौक, कश्मीरी गेट, पटेल चौक, जनपथ, मंडी हाउस, आईएनए, हौज खास और केंद्रीय सचिवालय जैसे अति-व्यस्त स्टेशन शामिल हैं, जहां एंट्री-एग्जिट गेट बंद करने और ट्रेनों की आवाजाही को सीमित करने का प्रस्ताव दिया गया है। हालांकि, यह पुलिस की ओर से प्रस्तावित एहतियाती कदम हैं।

No Previous Comments found.