क्या दुनिया फिर उसी मोड़ पर? दूसरे विश्व युद्ध के तानाशाह और आज की बढ़ती वैश्विक तनातनी

BY UJJWAL SINGH 

बीसवीं सदी का सबसे भयावह संघर्ष दूसरा विश्व युद्ध था, जिसने पूरी मानवता को झकझोर कर रख दिया था. इस युद्ध के पीछे जिस तानाशाह का नाम सबसे ज्यादा लिया जाता है, वह था एडोल्फ हिटलर. उसकी कट्टर राष्ट्रवादी और विस्तारवादी नीतियों ने पूरी दुनिया को आग की लपटों में झोंक दिया. आज जब मध्य-पूर्व में ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ता तनाव दिखाई देता है, तो कई विशेषज्ञ इसे इतिहास की उस भयावह याद से जोड़कर देखते हैं. सवाल उठता है कि क्या दुनिया एक बार फिर उसी खतरनाक मोड़ की ओर बढ़ रही है?

दूसरे विश्व युद्ध का तानाशाह कौन था

दूसरे विश्व युद्ध की नींव जर्मनी के तानाशाह एडोल्फ हिटलर ने रखी थी.1930 के दशक में सत्ता में आने के बाद उसने जर्मनी को एक शक्तिशाली सैन्य ताकत बनाने की मुहिम शुरू की. हिटलर की विचारधारा कट्टर राष्ट्रवाद और विस्तारवाद पर आधारित थी. वह जर्मनी के लिए अधिक से अधिक क्षेत्र हासिल करना चाहता था.

1939 में जर्मनी द्वारा पोलैंड पर हमला करने के साथ ही दूसरा विश्व युद्ध शुरू हो गया. इसके बाद यूरोप, एशिया और अफ्रीका के कई देश इस संघर्ष में शामिल होते चले गए। हिटलर के नेतृत्व में जर्मनी ने कई देशों पर कब्जा कर लिया, जिससे युद्ध का दायरा तेजी से बढ़ता गया.

युद्ध में मौतों का भयावह आंकड़ा

दूसरा विश्व युद्ध इतिहास के सबसे विनाशकारी युद्धों में गिना जाता है.अनुमान है कि इस युद्ध में करीब 7 से 7.5 करोड़ लोगों की मौत हुई थी. इनमें सैनिकों के साथ-साथ बड़ी संख्या में आम नागरिक भी शामिल थे.इस युद्ध की सबसे क्रूरतम घटनाओं में से एक होलोकॉस्ट था.हिटलर के शासन में लगभग 60 लाख यहूदियों का नरसंहार किया गया. यह मानव इतिहास के सबसे बड़े जनसंहारों में से एक माना जाता है। इसके अलावा लाखों रोमा, विकलांग और अन्य समुदायों के लोग भी नाजी अत्याचारों का शिकार बने.

आज की दुनिया और बढ़ता तनाव

आज की वैश्विक राजनीति में कई ऐसे घटनाक्रम दिखाई देते हैं जो इतिहास की याद दिलाते हैं. खासतौर पर मध्य-पूर्व में ईरान और इजरायल के बीच बढ़ता तनाव दुनिया की चिंता बढ़ा रहा है. अमेरिका खुलकर इजरायल का समर्थन करता है, जबकि कई अन्य वैश्विक शक्तियां इस क्षेत्रीय संघर्ष पर नजर बनाए हुए हैं.हालांकि आज की परिस्थितियां दूसरे विश्व युद्ध से अलग हैं, लेकिन एक बड़ा फर्क यह भी है कि अब कई देशों के पास परमाणु हथियार मौजूद हैं. यदि किसी बड़े युद्ध की स्थिति पैदा होती है तो इसका असर केवल युद्ध क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरी दुनिया प्रभावित हो सकती है.

इतिहास हमें यह सिखाता है कि युद्ध कभी भी किसी समस्या का स्थायी समाधान नहीं होता. एडोल्फ हिटलर की नीतियों ने न केवल जर्मनी बल्कि पूरी दुनिया को भारी तबाही दी. करोड़ों लोगों की जान गई और कई देश वर्षों तक उसके घावों से उबर नहीं पाए.

आज जब वैश्विक तनाव बढ़ रहा है, तब कूटनीति और संवाद का रास्ता अपनाना पहले से कहीं ज्यादा जरूरी हो गया है, ताकि दुनिया फिर किसी नए विश्व युद्ध की भयावहता का सामना न करे.

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.