ईरान में हिंदू समुदाय: मंदिर और सांस्कृतिक विरासत
BY UJJWAL SINGH
मिडिल ईस्ट में ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच, ईरान में हिंदू समुदाय और उनके मंदिरों पर भी लोगों की नजर जा रही है.भले ही ईरान की कुल आबादी में हिंदू समुदाय का हिस्सा बेहद कम है, लेकिन उनके ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थल आज भी महत्वपूर्ण हैं.
ईरान में हिंदू आबादी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान में लगभग 20,000 से 40,000 हिंदू रहते हैं, जो देश की लगभग 93 मिलियन की कुल आबादी का 0.05% से भी कम हिस्सा है. इसके अलावा, भारत सरकार के आंकड़ों के अनुसार लगभग 9,000 भारतीय नागरिक छात्र, व्यापारी और मजदूर भी वर्तमान में ईरान में रह रहे हैं.
बंदर अब्बास का ऐतिहासिक विष्णु मंदिर
ईरान में हिंदू विरासत के प्रमुख उदाहरणों में से एक है बंदर अब्बास का विष्णु मंदिर, जिसे स्थानीय रूप से इबादतगाह-ए-हिंदू कहा जाता है. इस मंदिर का निर्माण 1892 में गुजरात के व्यापारियों ने करवाया था. वास्तुकला में भारतीय मंदिर शैली और ईरानी तत्वों का अद्भुत मिश्रण देखने को मिलता है. आज यह मंदिर नियमित पूजा के बजाय सांस्कृतिक विरासत स्थल और संग्रहालय के रूप में संरक्षित है.
चाबहार और तटीय व्यापार मार्गों के मंदिर
चाबहार के बंदरगाह शहर के पास भी एक हिंदू मंदिर स्थित है, जिसे गुजराती व्यापारियों ने बनवाया था. ये मंदिर तटीय व्यापार मार्गों के किनारे स्थापित किए गए थे और इनका उपयोग न केवल पूजा के लिए, बल्कि भारतीय समुदाय के सांस्कृतिक केंद्र के रूप में भी होता था.
अन्य शहरों में हिंदू पूजा स्थल
तेहरान, जहेदान और इस्फहान जैसे शहरों में हिंदू समुदाय के छोटे पूजा स्थल मौजूद हैं. यहां लोग दीवाली और अन्य धार्मिक त्योहार मनाने के लिए एकत्रित होते हैं और अपनी धार्मिक परंपराओं को निभाते हैं. हालांकि ईरान में हिंदू आबादी बहुत कम है, लेकिन उनके मंदिर और स्थल दोनों देशों की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाते हैं. ये सिर्फ पूजा के स्थल नहीं बल्कि दो सभ्यताओं के बीच पुराने व्यापारिक और सांस्कृतिक संबंधों के प्रतीक भी हैं.
No Previous Comments found.