भरत सिंह भाजपा के नए जिलाध्यक्ष बनने पर, पार्टी के लोगों ने मनाया जमकर जश्न

जशपुर : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भरत सिंह को जशपुर जिले का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी के चुनाव प्रभारी निर्मल सिन्हा ने जिला भाजपा कार्यालय राधाकांत भवन में आयोजित एक विशेष बैठक में यह घोषणा की। इस मौके पर निवर्तमान जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों और पार्टी के साथ अपने संघर्ष के दिनों को याद कर भावुक क्षण साझा किए।
घोषणा के दौरान चुनाव प्रभारी निर्मल सिन्हा ने कहा कि जशपुर के भाजपा कार्यकर्ताओं का अनुशासन और संघर्ष क्षमता पूरे प्रदेश में एक मिसाल है। उन्होंने निवर्तमान जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में विधानसभा और लोकसभा चुनावों में पार्टी को शानदार जीत मिली। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे नए जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में भी इसी एकजुटता के साथ काम करें।
जशपुर विधायक रायमुनी भगत ने कहा कि सुनील गुप्ता के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ जोरदार संघर्ष हुआ, जिससे भाजपा को विधानसभा और लोकसभा चुनावों में जीत मिली। पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने इसे सुनील गुप्ता की कुशल रणनीति का परिणाम बताया, जिससे पत्थलगांव सीट पर जीत संभव हो सकी।
भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने कहा कि भाजपा एक कैडर-बेस्ड पार्टी है, जहां वंशवाद और परिवारवाद के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने 2018 की हार के बाद पार्टी द्वारा किए गए संघर्ष और उपलब्धियों को भी याद किया।
भरत सिंह ने जताया भरोसा
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष भरत सिंह ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल सत्ता प्राप्ति नहीं, बल्कि भारत को विश्व गुरु बनाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के हाथ मजबूत करने का आह्वान किया।
अपने विदाई भाषण में सुनील गुप्ता ने पार्टी के साथ अपने सफर को याद किया। उन्होंने कहा कि कॉलेज के दिनों में भाजयुमो के तत्कालीन जिलाध्यक्ष शत्रुजंय प्रताप सिंह जूदेव के साथ भाजपा से जुड़े थे और उन्हें युधवीर सिंह जूदेव के साथ काम करने का भी अवसर मिला। उन्होंने 2018 की हार के बाद विपक्ष की भूमिका में कांग्रेस सरकार के खिलाफ संघर्ष के अनुभव साझा किए और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला संगठन चुनाव प्रभारी निर्मल सिन्हा, पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय, राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रियम्वदा सिंह जूदेव, विधायक रायमुनी भगत और गोमती साय समेत कई वरिष्ठ नेता, जिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वहीं भरत सिंह की नियुक्ति से कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। भाजपा के पुराने कार्यकर्ताओं का मानना है कि उनके नेतृत्व में पार्टी नए कीर्तिमान स्थापित करेगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “नया भारत” के सपने को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगी।
रिपोर्टर : दीपक वर्मा
No Previous Comments found.