छत्तीसगढ़ में विमान हादसा: जशपुर की पहाड़ियों में गिरा चार्टर्ड प्लेन!

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक भीषण विमान दुर्घटना की खबर सामने आ रही है। सोमवार को जिले के नारायणपुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली आरा पहाड़ियों में एक निजी चार्टर्ड विमान क्रैश हो गया। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और राहत-बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।

ग्रामीणों से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह चार्टर्ड प्लेन रतनपहली के घने जंगलों के ऊपर से गुजर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि विमान अचानक अनियंत्रित हुआ और पहाड़ियों पर मौजूद पेड़ों से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विमान के परखच्चे उड़ गए और पहाड़ी इलाके से आग की लपटें व काले धुएं का गुबार उठता देखा गया।

हादसा पहाड़ी और दुर्गम इलाके में होने के कारण धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। विमान के क्रैश होते ही उसमें आग लग गई, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन में भी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए जशपुर पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। दमकल विभाग और एम्बुलेंस की टीमें घटनास्थल की ओर रवाना कर दी गई हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विमान में कुल कितने लोग सवार थे और उनकी स्थिति क्या है। प्रशासन मलबे के पास पहुंचकर यात्रियों की तलाश कर रहा है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.