बरसठी थाने में सीएम योगी का संदेश प्रसारित

प्रशासन एवं समाज की सहभागिता ने महिलाओं के सशक्तिकरण का दिया संदेश 

बरसठी (जौनपुर)- प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत शनिवार को बरसठी थाना परिसर में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने स्वयं महिलाओं, बच्चियों, आशा बहुओं एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में क्षेत्र की बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं भी उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के दौरान वर्चुअल माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संदेश प्रसारित किया गया। मुख्यमंत्री ने महिलाओं से कहा कि वे आत्मनिर्भर बनें और किसी भी समस्या की स्थिति में निडर होकर पुलिस व प्रशासन से संपर्क करें। उन्होंने यह भी कहा कि महिला सुरक्षा व सम्मान सरकार की प्राथमिकता है, इसलिए हर महिला को जागरूक रहना जरूरी है।

थाना प्रभारी ने महिलाओं को विस्तार से महिला हेल्पलाइन 1090, महिला शक्ति हेल्पलाइन 181, आपातकालीन नंबर 112 सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समाज में अपराध या उत्पीड़न जैसी स्थिति आने पर महिलाएं डरें नहीं, बल्कि सीधे पुलिस को सूचना दें। पुलिस हर परिस्थिति में उनकी मदद करने के लिए तत्पर है।


कार्यक्रम में बच्चियों को भी आत्मरक्षा व आत्मविश्वास के महत्व के बारे में बताया गया। अंत में महिलाओं के लिए सम्मान एवं जलपान की विशेष व्यवस्था की गई, जिससे उपस्थित महिलाएं काफी प्रसन्न दिखाई दीं।

इस अवसर पर थाना परिसर में एक सकारात्मक माहौल देखने को मिला, जहां प्रशासन और समाज की सहभागिता ने महिलाओं के सशक्तिकरण का संदेश दिया।


अनुपम कुमार मौर्य कि रिपोर्ट

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.