चिन्हित स्थानों तक सिमटा अलाव, सर्द हवाओं से जनजीवन अस्त-व्यस्त

जौनपुर : मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन ने शिक्षण संस्थान भले ही बंद कर दिए हों, लेकिन सर्द हवाओं ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 15 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, बावजूद इसके दिनभर सूर्य के दर्शन न होने और पछुआ हवाओं के चलते ठिठुरन बढ़ी रही। हालात यह रहे कि शाम ढलते ही बाजारों में सन्नाटा पसर गया और लोग जल्दी घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।

कस्बे में अलाव की व्यवस्था केवल चिन्हित सार्वजनिक स्थानों तक सीमित नजर आई, जबकि वार्डों के अंदर स्थिति रामभरोसे रही। चट्टी-चौराहों पर राहगीर किसी तरह अलाव सेंकते दिखे, लेकिन मेहनतकश मजदूरों और यात्रियों को ठंड का सबसे ज्यादा दंश झेलना पड़ा। ग्रामीण इलाकों में भी लोग समय से पहले घरों में कैद हो गए हैं। प्रशासन और सामाजिक संगठनों द्वारा किया गया कंबल वितरण भी महज औपचारिकता बनकर रह गया।

जिलाधिकारी दिनेश चंद्र ने सभी ईओ को वार्डों में मांग के अनुसार माकूल इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं, हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि कई वार्डों में अलाव नहीं जल रहा है। विधापीठ, कोहरौटी और भभनौटी समेत अन्य इलाकों के लोगों ने ठंड से राहत न मिलने की शिकायत की है। वहीं ईओ अल्का मौर्या ने बताया कि नगर के 35 चिन्हित सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गई है। राहगीरों के लिए पुलिस बूथ से एक किलोमीटर दूर पीएचसी के पास रैन बसेरा भी बनाया गया है।

रिपोर्टर : दीपक

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.