गुस्से में घर छोड़कर निकले चार नाबालिग बरामद, पुलिस की तत्परता से सुरक्षित लौटे
जौनपुर : थाना बरसठी क्षेत्र से गुस्से में घर छोड़कर निकले तीन नाबालिग बालकों को उनके एक अन्य साथी के साथ पुलिस ने सकुशल बरामद कर परिजनों को बड़ी राहत दी है। सभी बच्चे ग्राम पाली के निवासी हैं और रेलवे स्टेशन से बरामद किए गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 09 जनवरी 2026 को ग्राम पाली निवासी हवलदार गौतम ने थाना बरसठी में तहरीर देकर सूचना दी कि उनका 13 वर्षीय पोता रामकिसन गौतम अपने दो साथियों—आनन्द गौतम (14 वर्ष) और छोटू गौतम (14 वर्ष) के साथ बिना बताए घर से चला गया है। इस सूचना के आधार पर थाना बरसठी में मु0अ0सं0 0004/2026, धारा 137(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला पंजीकृत किया गया।
पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 जनवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बरसठी रेलवे स्टेशन से तीनों नामित बालकों के साथ उनके एक अन्य साथी अरूण गौतम (12 वर्ष) को सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वे घर की छत पर लगे पतरे पर खेल रहे थे, इसी बात पर घरवालों की डांट से नाराज होकर वे ट्रेन से जौनपुर चले गए थे। बाद में वापस बरसठी लौटने पर पुलिस ने उन्हें अपने संरक्षण में ले लिया। बच्चों ने स्पष्ट किया कि उन्हें किसी ने बहकाया या भगाया नहीं था, वे अपनी मर्जी से घर से गए थे।
पुलिस ने सभी बच्चों को सुरक्षित बरामद कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए उनके परिजनों को सौंप दिया। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की जा रही है।
बरामद करने वाली पुलिस टीम में कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक अम्ब्रीश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव, हेड कांस्टेबल यादवेन्द्र यादव तथा कांस्टेबल शेरबहादुर यादव शामिल रहे।
रिपोर्टर : अनुपम कुमार

No Previous Comments found.