युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, गांव में पसरा मातम
रामपुर (जौनपुर) : थाना क्षेत्र के गोरापट्टी ग्राम सभा अंतर्गत श्रवनपुर गांव में गुरुवार भोर एक हृदयविदारक घटना सामने आई। 21 वर्षीय प्रदुम्य पाठक पुत्र ननकू पाठक ने घर से लगभग 100 मीटर दूर स्थित बगीचे में आम के पेड़ पर साड़ी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
परिजनों के अनुसार, सुबह दैनिक कार्यों के लिए बाहर निकलते समय युवक का शव पेड़ से लटका दिखाई दिया। यह दृश्य देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि युवक लगभग छह माह पूर्व पास्को एक्ट के एक मामले में जेल गया था और करीब छह माह बाद हाल ही में रिहा होकर घर लौटा था। हालांकि आत्महत्या के पीछे के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है।
पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की गहन जांच कर रही है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्टर : सोनू गुप्ता
No Previous Comments found.