पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी गौ-तस्कर गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल, एक साथी फरार
जौनपुर - मीरगंज जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। मीरगंज और मछलीशहर थाने की संयुक्त टीम ने रविवार देर रात मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी गौ-तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार गोधना बाजार क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि दो संदिग्ध बाइक सवार बंधवा बाजार की ओर से जंघई की तरफ भाग रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने चौकी खुर्द के पास घेराबंदी कर दी। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई और वह मौके पर ही गिर पड़ा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार बदमाश की पहचान आरिफ (32) पुत्र मैनुद्दीन निवासी लमहन, थाना महराजगंज, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 0.315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा तथा हीरो सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई। थानाध्यक्ष मीरगंज प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट व पशु क्रूरता अधिनियम सहित करीब 21 संगीन मुकदमे दर्ज हैं। वह थाना मीरगंज गौ-तस्करी और वाहन चोरी के मामलों में वांछित चल रहा था, जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है, जबकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। मुठभेड़ में प्रभारी निरीक्षक मछलीशहर विनीत कुमार राय, थानाध्यक्ष मीरगंज प्रशांत कुमार सिंह, चौकी इंचार्ज जंघई उपनिरीक्षक सुनील कुमार सहित स्वाट व गामा टीम के जवान शामिल रहे।
रिपोर्टर - अनुपम कुमार मौर्य

No Previous Comments found.