डोभी क्षेत्र से एक प्रेरणादायक सफलता की कहानी सामने आई

जौनपुर : डोभी क्षेत्र से एक प्रेरणादायक सफलता की कहानी सामने आई है, जहां खुज्झी मोड़ के एक साधारण मिठाई विक्रेता के बेटे ने अपनी मेहनत के दम पर डिप्टी एसपी बनकर पूरे क्षेत्र और जिले का नाम रोशन कर दिया है। खुज्झी मोड़ निवासी मिठाई विक्रेता सूरज मोदनवाल के पुत्र राजू मोदनवाल ने यूपीपीएससी की प्रतिष्ठित परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 11वीं रैंक हासिल की है। इस उपलब्धि के बाद उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। राजू की प्रारंभिक शिक्षा खुज्झी के श्री कुबेर सिंह माध्यमिक विद्यालय से हुई। इसके बाद उन्होंने इंटरमीडिएट की पढ़ाई सुमित्रा शिक्षा इंटर कॉलेज, बजरंगनगर से पूरी की। आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने श्री गणेश राय पीजी कॉलेज में बीएससी में दाखिला लिया, लेकिन बाद में उसे छोड़कर दिल्ली विश्वविद्यालय से संबद्ध हंसराज कॉलेज में स्नातक में प्रवेश लिया और वहीं से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की। राजू मोदनवाल की सफलता का सफर आसान नहीं रहा। उन्होंने दो बार IAS की लिखित परीक्षा पास की, लेकिन इंटरव्यू में असफल रहे। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत करते रहे। आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और उन्होंने डिप्टी एसपी का पद हासिल कर लिया। अपनी सफलता का श्रेय राजू ने अपने माता-पिता, चाचा और पड़ोसियों के सहयोग के साथ-साथ अपनी कड़ी मेहनत को दिया है। यह सफलता न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।

रिपोर्टर : विनीत कुमार

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.