हनुमान जन्मोत्सव पर निकली भव्य झांकी एवं शोभायात्रा, भक्ति में डूबा रहा पूरा नगर

शाहगंज (जौनपुर) : हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर नगर में भव्य झांकी एवं शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पूरा नगर जय श्री राम और बजरंगबली के जयघोष से गुंजायमान हो उठा तथा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
शोभायात्रा का शुभारंभ हनुमान गढ़ी मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसके बाद सुसज्जित झांकियों के साथ शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए आगे बढ़ी। झांकियों में भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी के जीवन प्रसंगों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसे देखने के लिए मार्ग के दोनों ओर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी रही।
शोभायात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ती गई, श्रद्धालुओं द्वारा जगह-जगह पुष्प वर्षा कर उसका भव्य स्वागत किया गया। नगर के विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं व्यापारियों द्वारा भक्तों के लिए जगह-जगह शुद्ध जल एवं हल्के जलपान की व्यवस्था की गई, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रशासनिक अधिकारी एवं पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद नजर आए, जिससे शोभायात्रा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकी।
भव्य शोभायात्रा का समापन योगीनाथ तिराहे पर हुआ, जहां आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और आस्था देखने को मिली।
हनुमान जन्मोत्सव के इस आयोजन ने नगर में धार्मिक एकता, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया।

रिपोर्टर : दीपक सिंह
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.