तहसील परिसर में ‘खुली’ मनमानी! टेंडर खत्म, फिर भी धड़ल्ले से चल रही दुकान
जौनपुर - तहसील परिसर में नियमों को ठेंगा दिखाने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां टेंडर अवधि समाप्त होने के बावजूद एक दुकान खुलेआम संचालित की जा रही है, जिससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए है। जानकारी के अनुसार, तहसील परिसर में स्थित दुकानों का टेंडर काफी समय पहले समाप्त हो चुका है। नियमों के तहत टेंडर समाप्त होते ही दुकान का संचालन बंद होना चाहिए था, लेकिन इसके उलट संबंधित दुकानदार अब भी बेखौफ होकर कारोबार चला रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह केवल नियमों की अनदेखी नहीं, बल्कि प्रशासनिक ढिलाई का साफ उदाहरण है। लोगों में चर्चा है कि आखिर किसके संरक्षण में यह दुकान लगातार संचालित हो रही है। यदि आदेश जारी होने के बावजूद दुकान बंद नहीं हुई, तो यह सीधे-सीधे व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में पहले ही दुकान बंद करने का आदेश दिया जा चुका है। बावजूद इसके, दुकानदार द्वारा जबरदस्ती दुकान खोली जा रही है। यह स्थिति न सिर्फ नियमों की अवहेलना है,बल्कि प्रशासन के अधिकारों को भी चुनौती देने जैसी है।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या तहसील प्रशासन अपने ही आदेशों को लागू कराने में सक्षम नहीं है, या फिर कहीं न कहीं मिलीभगत की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। अब सभी की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं। देखना यह होगा कि इस मामले में सख्त कार्रवाई होती है या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा। नजीर ने बताया कि बंद करने का आदेश दिया गया था जबरदस्ती दुकान खुली है और इस संबंध में जब तहसीलदार सीयूजी नंबर पर फोन लगाया गया तो उनका फोन लगा नहीं।
रिपोर्टर - सोनू गुप्ता


No Previous Comments found.