शाहगंज में बड़ी कार्रवाई: दो शातिर गिरफ्तार, 315 किलो से अधिक विस्फोटक सामग्री बरामद

जौनपुर - शाहगंज स्थानीय पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 315 किलो से अधिक विस्फोटक बनाने की सामग्री बरामद की है। समय रहते हुई इस कार्रवाई से एक बड़ी घटना टलने की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति बड़ागांव नहर पुलिया के पास विस्फोटक सामग्री के साथ मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दो आरोपियों को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अफसर हुसैनी पुत्र इसरार हुसैनी, निवासी अरसिया थाना सरपतहां और विष्णु प्रताप पुत्र अरविन्द, निवासी चूड़ी मोहल्ला के रूप में हुई है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की, जिसमें 75 किलो बारूद, 44 किलो कलमी सोडा, 94 किलो पीला पाउडर, 72 किलो बरेठा तथा 30 किलो यूरिया शामिल है। कोतवाली प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना शाहगंज में विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बड़ागांव नहर पुलिया के पास से बरामद विस्फोटक सामग्री के साथ गिरफ्तार आरोपी पुलिस हिरासत में।

रिपोर्टर - दीपक सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.