मियांचक बाजार में भीषण आग: जल निगम की रखी पाइप लाइन में लगी आग, लाखों का सामान जलकर राख
जौनपुर : स्थानीय थाना क्षेत्र के मियांचक बाजार में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अज्ञात कारणों से जल निगम की रखी पाइप लाइन में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास रखे लाखों रुपये के सामान को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में धुएं का गुब्बारा पूरे बाजार में फैल गया। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता के आगे उनके प्रयास नाकाफी साबित हुए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस एवं स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस हादसे में रखी पाइप लाइन के आसपास रखा प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना के बाद बाजार में दहशत का माहौल बना हुआ है।
रिपोर्टर : अनुपम कुमार मौर्य

No Previous Comments found.