नवागत तहसीलदार सौरभ कुमार का स्वागत, आशीष कुमार सिंह को भावभीनी विदाई

जौनपुर : तहसील परिसर में लेखपाल संघ शाहगंज के तत्वावधान में नवागत तहसीलदार सौरभ कुमार के स्वागत एवं स्थानांतरित तहसीलदार आशीष कुमार सिंह के विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी कुणाल गौरव ने की। समारोह में तहसील के लेखपाल, कानूनगो, कर्मचारी एवं अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान नवागत तहसीलदार सौरभ कुमार का पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। वहीं स्थानांतरित तहसीलदार आशीष कुमार सिंह को स्मृति चिन्ह भेंट कर भावभीनी विदाई दी गई। उपस्थित कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके सरल व्यवहार एवं कार्यशैली को याद किया।

उपजिलाधिकारी कुणाल गौरव ने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में समन्वय और पारदर्शिता बेहद आवश्यक है। उन्होंने नवागत तहसीलदार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी कर्मचारियों के सहयोग से तहसील कार्यों को और बेहतर बनाया जाएगा।

लेखपाल संघ अध्यक्ष ईज़ी विकास सिंह सहित सभी वक्ताओं ने तहसीलदार आशीष कुमार सिंह  के साथ बिताए गए खट्टी-मीठी यादों को साझा किया। वक्ताओं ने कहा कि उनके कार्यकाल में कर्मचारियों के साथ आत्मीय संबंध बने रहे और उन्होंने हमेशा सकारात्मक माहौल में कार्य करने का प्रयास किया।

समारोह में सनंदन भट्ट, विकास केशरवानी, यशपाल, पवन सिंह, अमरजीत, कस्बा कानूनगो संजय राय, पूर्व जिलाध्यक्ष संजय कुमार सहित तहसील के समस्त लेखपाल, कानूनगो, कर्मचारी एवं नायब तहसीलदार मौजूद रहे। सभी ने नवागत तहसीलदार का स्वागत एवं स्थानांतरित तहसीलदार को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम का संचालन दूधनाथ ने किया, जबकि स्वागत मंत्री विवेक सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। अंत में लेखपाल संघ अध्यक्ष ईज़ी विकास सिंह ने सभी अतिथियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

रिपोर्टर : दीपक सिंह

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.