“हल्की बारिश ने खोली सिस्टम की पोल : क्या हादसे के बाद होगा एक्शन ?
बरसठी जौनपुर : बरसठी विकासखंड के निगोह-कूसा रोड बाजार के पास हुई हल्की बारिश ने ही प्रशासन और संबंधित विभागों के विकास कार्यों की सच्चाई उजागर कर दी। बाजार से सटे करीब 300 मीटर सड़क पूरी तरह जलमग्न हो गई है, जिससे राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों का आवागमन बेहद मुश्किल हो गया है। सड़क पर भरे गंदे पानी और छिपे गड्ढों के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है। कई लोग फिसलकर गिरने से बाल-बाल बचे। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि रात के समय कोई दुर्घटना हो गई तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।
क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि जलनिकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण हर बारिश में यही हाल हो जाता है। बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर समस्या का स्थायी समाधान कराने के बजाय केवल औपचारिकता निभाते नजर आते हैं।
“जनता पूछ रही सवाल — हादसे के बाद होगा एक्शन?”
स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? हल्की बारिश में ही सड़क तालाब में तब्दील हो जाना साफ दर्शाता है कि क्षेत्र में विकास कार्य सिर्फ कागजों तक सीमित हैं।
“तत्काल कार्रवाई की मांग”
संबंधित अधिकारियों से तत्काल मौके का निरीक्षण कर जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था किया जाए ताकि आम जनता को राहत मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
अगर समय रहते नहीं चेता प्रशासन, तो कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
रिपोर्टर : अनुपम कुमार मौर्य


No Previous Comments found.