"युवाओं, किसानों और जनसुरक्षा के मुद्दे पर गरजी समाज विकास क्रांति पार्टी, बड़ी संख्या में कर्मठ युवाओं ने थामा पार्टी का दामन"

जौनपुर/ बरसठी : जनपद में बढ़ती बेरोजगारी, अपराध, किसानों की समस्याओं और विकास कार्यों की अनदेखी को लेकर समाज विकास क्रांति पार्टी ने बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंह की मौजूदगी में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े कई कर्मठ एवं जागरूक युवाओं ने समाज विकास क्रांति पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंह ने कहा कि आज का युवा भविष्य को लेकर चिंतित और निराश है। उन्होंने नीट परीक्षा प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं से युवाओं का विश्वास टूट रहा है। वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश में अपराध मुक्त शासन के दावों के बीच जौनपुर में दिनदहाड़े दूल्हे की हत्या जैसी घटनाएं कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
उन्होंने कहा कि जिले में लगातार बढ़ रहे जमीनी विवाद, मारपीट, हत्या और अन्य आपराधिक घटनाएं आम जनता की सुरक्षा के लिए खतरा बन चुकी हैं। साथ ही रोजगार के अवसरों की कमी के कारण बड़ी संख्या में शिक्षित युवाओं को पलायन के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
अशोक सिंह ने आरोप लगाया कि जिले के जनप्रतिनिधि और जिम्मेदार नेता जनता की मूल समस्याओं के समाधान के बजाय राजनीतिक गतिविधियों में व्यस्त हैं। विकास, रोजगार, शिक्षा और उद्योग जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जौनपुर को केवल आश्वासनों का नहीं बल्कि ठोस विकास योजनाओं की आवश्यकता है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि किसानों की समस्याओं को दरकिनार कर न तो जौनपुर का विकास संभव है और न ही उत्तर प्रदेश का। समाज विकास क्रांति पार्टी किसानों, युवाओं और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से उठाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अपराध और बेरोजगारी पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हुआ तो पार्टी सड़क पर उतरकर जनआंदोलन करने को बाध्य होगी।
उन्होंने जिले के सभी जनप्रतिनिधियों से जनता के हित में जागरूक होकर विकास, रोजगार, शिक्षा और सुरक्षा के मुद्दों पर गंभीरता से काम करने का आह्वान किया।

रिपोर्टर : अनुपम कुमार मौर्य 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.