गोपालापुर में ताजिया रखने के विवाद का हुआ स्थायी समाधान

रामपुर (जौनपुर) : क्षेत्र के गोपालापुर गांव में ताजिया रखने को लेकर चल रहा विवाद बुधवार को आपसी सहमति और प्रशासनिक पहल से समाप्त हो गया। जानकारी के अनुसार ताजिया चौकीदार शौकत अली एवं सलाउद्दीन के बीच ताजिया रखने के स्थान को लेकर काफी समय से मतभेद बना हुआ था, जिससे स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए गोपालापुर चौकी प्रभारी महंगू यादव एवं भाजपा नेता संजय जायसवाल ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर वार्ता कराई। लंबी बातचीत और आपसी समझौते के बाद विवाद का स्थायी समाधान निकाल लिया गया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच लिखित सहमति पत्र भी तैयार कराया गया, जिससे भविष्य में किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो।

बैठक में गांव के अनेक संभ्रांत एवं सम्मानित नागरिक मौजूद रहे। सभी ने आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति बनाए रखने पर जोर दिया। उपस्थित लोगों ने चौकी प्रभारी महंगू यादव और भाजपा नेता संजय जायसवाल की पहल की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से एक पुराना विवाद समाप्त हुआ है और क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द को मजबूती मिली है।

ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी सभी समुदाय आपसी सहयोग और भाईचारे के साथ धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन करेंगे।

रिपोर्टर : सोनू गुप्ता

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.