रोजगार सेवक की मौत के बाद सरकार और अफसरो पर उठे बड़े सवाल
जौनपुर - बरसठी विकासखंड बरसठी के ग्राम पंचायत भौरास में तैनात रोजगार सेवक सूबेदार यादव की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कि पिछले सात-आठ महीनों से विकासखंड के रोजगार सेवकों को मानदेय नहीं मिला था,जिससे आर्थिक संकट लगातार गहराता जा रहा था। बताया जाता है कि करीब पंद्रह दिन पहले सूबेदार यादव ने एक वीडियो के माध्यम से गीत गाकर अपनी पीड़ा और मानदेय न मिलने से उत्पन्न परेशानियों को सार्वजनिक किया था। इसके बावजूद उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई। उनकी मौत के बाद परिवार पर दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में मातम पसरा हुआ है। वही लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मानदेय भुगतान और समस्याओं के समाधान पर ध्यान दिया गया होता, तो शायद आज एक परिवार अपने मुखिया को न खोता। वही अन्य साथियों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता एवं उचित मुआवजा देने तथा लंबित मानदेय का तत्काल भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है। यह घटना केवल एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि उन तमाम कर्मचारियों की पीड़ा को उजागर करती है, जो महीनों से मानदेय के इंतजार में आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। अब देखना यह होगा कि शासन-प्रशासन इस दर्दनाक घटना से सबक लेकर जिम्मेदारी तय करता है या फिर एक और परिवार न्याय की उम्मीद में दर-दर भटकने को मजबूर होगा। जिसमें इंटर व हाई स्कूल पास दो बेटों के सिर से पिता का साया उठ गया
रिपोर्टर - अनुपम कुमार मौर्य
No Previous Comments found.