अज्ञात युवक के शव की हुई शिनाख्त, 20 दिन से था लापता
जौनपुर - बरसठी थाना क्षेत्र के बड़ेरी चौकी अंतर्गत बीएसएनएल टावर के सामने मिले अज्ञात युवक के शव की पहचान होने के बाद पूरे परिवार में मातम छा गया। मृतक की पहचान नीरज विश्वकर्मा (32 वर्ष) पुत्र सुशील कुमार विश्वकर्मा, निवासी पचहटिया,थाना लाइन बाजार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार नीरज करीब 20 दिन पहले घर से लापता हो गया था। उसके परिजन लगातार उसकी तलाश में दर-दर भटक रहे थे,लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच बरसठी क्षेत्र में अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना पर परिजन जिला अस्पताल पहुंचे,जहां उन्होंने शव की पहचान नीरज के रूप में की। पहचान होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और माहौल गमगीन हो गया।
मृतक के छोटे भाई ने बताया कि नीरज की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी,जिसके कारण वह घर से निकल गया था। परिवार को उम्मीद थी कि वह सुरक्षित लौट आएगा,लेकिन अंततः उसकी मौत की खबर ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई,इसकी जांच की जा रही है।
रिपोर्टर - अनुपम कुमार मौर्य
No Previous Comments found.