स्कूल चलो अभियान के तहत निकली जागरूकता रैली, खण्डशिक्षाधिकारी व शिक्षक संघ ने दिखाई हरी झंडी

चन्दवक, जौनपुर : स्कूल चलो अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत मंगलवार को विकास खण्ड डोभी में नामांकन जागरूकता रैली का भव्य आयोजन किया गया। रैली का शुभारम्भ बीआरसी चन्दवक से खण्डशिक्षाधिकारी रमाकांत सिंह एवं उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ डोभी के अध्यक्ष आलोक रघुवंशी ने हरी झंडी दिखाकर किया।

रैली में विकास खण्ड के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, प्रधानाध्यापकों, सहायक अध्यापकों, शिक्षामित्रों तथा अनुदेशकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। जागरूकता रैली बीआरसी चन्दवक से प्रारम्भ होकर चन्दवक बाजार के प्रमुख मार्गों से होते हुए बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल तक पहुँची। वहां खण्डशिक्षाधिकारी रमाकांत सिंह, शिक्षक संघ अध्यक्ष आलोक रघुवंशी एवं शिक्षक संघ संरक्षक संजय यादव ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद रैली पुनः बीआरसी चन्दवक पहुँचकर सम्पन्न हुई।
रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने शिक्षा के महत्व, शत-प्रतिशत नामांकन तथा प्रत्येक बच्चे को विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करने वाले नारों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया। बच्चों के उत्साह और शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी ने अभियान को प्रभावी स्वरूप प्रदान किया। कार्यक्रम में विकास खण्ड के सभी प्रधानाध्यापकों, सहायक अध्यापकों एवं शिक्षाकर्मियों की उल्लेखनीय भूमिका रही।
इस अवसर पर खण्डशिक्षाधिकारी रमाकांत सिंह ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्कूल चलो अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और सभी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो।
कार्यक्रम के समापन पर खण्डशिक्षाधिकारी रमाकांत सिंह ने अभियान की सफलता के लिए सभी प्रधानाध्यापकों, सहायक अध्यापकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं तथा सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सामूहिक प्रयास से शत-प्रतिशत नामांकन एवं नियमित उपस्थिति के लक्ष्य को अवश्य प्राप्त किया जाएगा।

रिपोर्टर : विनीत कुमार

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.