थाने पहुंचने से पहले सड़क पर भिड़े दो पक्ष, महिलाओं-पुरुषों के बीच जमकर चले लात-घूंसे

बरसठी (जौनपुर) : स्थानीय थाना क्षेत्र के जरौटा ओझापुर गांव में जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच बुधवार सुबह उस समय विवाद हिंसक हो गया, जब दोनों पक्ष शिकायत लेकर बरसठी थाने जा रहे थे। थाने से करीब 200 मीटर पहले सरसरा तिराहे पर प्रार्थना पत्र लिखवाने के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि महिला और पुरुष सड़क पर ही एक-दूसरे से भिड़ गए। दोनों ओर से लात-घूंसे चलने लगे, जिससे तिराहे पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह दोनों पक्षों को अलग कराया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी।
घटना की सूचना मिलते ही बरसठी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है। इसी विवाद के संबंध में शिकायत दर्ज कराने दोनों पक्ष बरसठी थाने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही आमना-सामना होने पर विवाद फिर भड़क उठा और मामला सड़क पर मारपीट तक पहुंच गया

रिपोर्टर : अनुपम कुमार मौर्य

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.