सीएमओ ने रामनगर सीएचसी समेत दो पीएचसी का किया औचक निरीक्षण, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश
रामनगर (जौनपुर) : मुख्य चिकित्सा अधिकारी जौनपुर डॉ. गंगाराम गौतम ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर तथा इसके अंतर्गत आने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नेवाड़िया और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जमालापुर का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सीएचसी रामनगर के अधीक्षक डॉ. अभिषेक कुमार सिंह, डॉ. अंकित शर्मा, डॉ. अश्विनी कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सीएमओ ने ओपीडी, लेबर रूम, लेबर वार्ड तथा पीएमएसएमए (प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान) दिवस की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में मौजूद गर्भवती महिलाओं एवं अन्य लाभार्थियों से बातचीत कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जननी सुरक्षा योजना, आयुष्मान भारत योजना सहित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान, आवश्यक जांच एवं रेफरल सुनिश्चित किया जाए। साथ ही यह भी निर्देशित किया कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी को शासन की सभी स्वास्थ्य योजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण लाभ उपलब्ध कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
रिपोर्टर : सोनू गुप्ता
No Previous Comments found.