शत - प्रतिशत नामांकन के लिए स्कूल चलो अभियान रैली

बरसठी (जौनपुर) :  बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित 'स्कूल चलो अभियान' के अंतर्गत कंपोजिट विद्यालय आलमगंज द्वारा मंगलवार को नामांकन बढ़ाने और शिक्षा के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में छात्र-छात्राओं ने हाथों में प्रेरक स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर गांव की प्रमुख गलियों का भ्रमण किया और लोगों से अपने बच्चों का सरकारी विद्यालयों में नामांकन कराने की अपील की।

रैली का नेतृत्व विद्यालय के प्रधानाध्यापक ओम शंकर तिवारी  ने किया। इस दौरान वरिष्ठ सहायक अध्यापक जगदीश प्रसाद गौतम ने  अभिभावकों से कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रत्येक बच्चे का अधिकार है और सरकारी विद्यालयों में निःशुल्क शिक्षा के साथ पुस्तकें, यूनिफॉर्म, मध्यान्ह भोजन सहित अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपने बच्चों का समय पर विद्यालय में नामांकन कराने का आग्रह किया।
रैली में वरिष्ठ सहायक अध्यापक जगदीश प्रसाद गौतम, सहायक अध्यापक समरजीत, दिलीप कुमार, अशोक कुमार, दीपक पटेल तथा धर्म सिंह यादव सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक शामिल हुए। पूरे मार्ग में बच्चों ने "हर बच्चा स्कूल जाए, शिक्षा का दीप जलाए", "शिक्षा है जीवन का आधार, हर बच्चे का हो नामांकन इस बार" जैसे प्रेरक नारों से वातावरण को शिक्षा के प्रति जागरूकता से भर दिया।
विद्यालय परिवार ने अभियान के माध्यम से क्षेत्रवासियों से आह्वान किया कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और सभी मिलकर शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने में सहयोग करें। रैली को ग्रामीणों का भी अच्छा समर्थन मिला और लोगों ने अभियान की सराहना करते हुए बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने का संकल्प लिया।

रिपोर्टर : अनुपम कुमार मौर्य 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.