सहजन भंडारा दिवस पर वन विभाग ने वितरित किए पौधे, ‘हर घर सहजन’ का दिया संदेश
जौनपुर - रामनगर सहजन भंडारा दिवस के अवसर पर मंगलवार को विकास खंड रामनगर परिसर में वन विभाग की ओर से पौध वितरण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डिप्टी रेंजर अमित कुमार तथा वन रक्षक कमला शंकर पाण्डेय, अमित सिंह और हिमांशु ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सहजन के पौधे वितरित किए और इसके औषधीय, पोषण एवं आर्थिक महत्व की विस्तृत जानकारी दी।
डिप्टी रेंजर अमित कुमार ने बताया कि सहजन (मोरिंगा) पोषण से भरपूर पौधा है, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, हड्डियों को मजबूत बनाने, रक्त को शुद्ध करने तथा त्वचा और बालों के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने कहा कि सहजन की खेती किसानों के लिए आय का अच्छा स्रोत भी बन सकती है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से कम से कम एक सहजन का पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने की अपील की गई। इस दौरान वन विभाग की ओर से "सहजन लगाएं, पोषण पाएं", "हर आंगनवाड़ी सहजन", "आइए सहजन को अपनाएं, स्वस्थ और समृद्ध भविष्य बनाएं" तथा "हर घर सहजन" का संदेश भी दिया गया। इस अवसर पर सीडीपीओ इंदु यादव, सुपरवाइजर दिव्या सिंह, बड़े बाबू शिवकुमार सहित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं वन विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य जन-जन को पौधारोपण, पोषण सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।
रिपोर्टर - सोनू गुप्ता
No Previous Comments found.