सीएचसी का मुख्य मार्ग ठप,घर पर गिरा विशाल यूकेलिप्टस
जौनपुर - बरसठी स्थानीय विकासखंड क्षेत्र में बुधवार रात से जारी मूसलाधार बारिश गुरुवार सुबह बड़ी मुसीबत बन गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बरसठी जाने वाले मुख्य संपर्क मार्ग पर रेलवे फाटक के पास एक विशाल यूकेलिप्टस का पेड़ जड़ से उखड़कर सड़क और पास स्थित मकान पर गिर पड़ा। देखते ही देखते अस्पताल का मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद हो गया और मरीजों, एम्बुलेंस, स्वास्थ्यकर्मियों व राहगीरों की आवाजाही ठप हो गई। पेड़ सरसरा गांव निवासी संतोष कुमार वैश्य के मकान पर गिरा। तेज धमाके की आवाज सुनकर परिवार और आसपास के ग्रामीण सहम गए तथा मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोई व्यक्ति पेड़ की चपेट में नहीं आया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
पेड़ गिरने से निगोह–मियांचक मुख्य मार्ग से सीएचसी बरसठी को जोड़ने वाला लिंक रोड पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। सड़क बंद होने के कारण अस्पताल पहुंच रही एम्बुलेंस बीच रास्ते में ही रुक गईं। डिलीवरी के लिए आई सपना गौतम, पत्नी विनोद कुमार गौतम, निवासी कानपुर को एम्बुलेंस से उतरकर बारिश के बीच पैदल अस्पताल तक जाना पड़ा। अन्य मरीजों और उनके परिजनों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लगातार बारिश से पेड़ की जड़ें कमजोर होने के कारण उसके गिरने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि घटना के समय सड़क से कोई वाहन गुजर रहा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल मार्ग अवरुद्ध होने से अस्पताल की सेवाएं प्रभावित रहीं और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल पेड़ हटाकर आवागमन बहाल कराने की मांग की है।
रिपोर्टर - अनुपम कुमार मौर्य
No Previous Comments found.