सीएमओ का बरसठी सीएचसी पर औचक निरीक्षण, वायरल फीवर को लेकर अलर्ट; मरीजों को बेहतर इलाज के सख्त निर्देश
जौनपुर : मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम ने गुरुवार को सुबह करीब 10:30 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरसठी एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भन्नौर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सभी अधिकारी एवं कर्मचारी समय पर उपस्थित मिले तथा अस्पताल में आवश्यक दवाएं, ऑक्सीजन प्लांट और अन्य व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने ओपीडी, मेडिकल विभाग, ऑक्सीजन प्लांट सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संवेदनशील चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वायरल फीवर के बढ़ते मामलों को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ ने अधिक से अधिक आवश्यक जांच कराने, मरीजों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने और लोगों को वायरल संक्रमण से बचाव के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर इलाज और आवश्यक परामर्श मिलना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान एंटी रैबीज वैक्सीन (ARV) और एंटी स्नेक वेनम (ASV) की पर्याप्त उपलब्धता भी पाई गई। सीएमओ ने चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया कि भविष्य में भी इन जीवनरक्षक दवाओं की निर्बाध उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस अवसर पर डिप्टी सीएमओ डॉ. अजय सिंह, अधीक्षक डॉ. सूर्यभान सिंह, डॉ. विजय यादव, डॉ. सर्वेश मिश्रा, फार्मासिस्ट आर.पी. सिंह, एलटी विनोद नायक, बीपीएम राजेंद्र प्रसाद मौर्य, स्टाफ नर्स मनोरमा देवी, सुमन सिंह सहित अस्पताल का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
रिपोर्टर : अनुपम कुमार मौर्य
No Previous Comments found.