ओवरटेक के दौरान बड़ा हादसा टला नाले में धंसी स्कूल बस
जौनपुर : स्थानीय थाना क्षेत्र के निगोह–सुरियांवा मार्ग पर शुक्रवार करीब 3:30 बजे एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। वुडवर्ड पब्लिक स्कूल भदोही की बस छात्रों को उनके घर छोड़कर वापस लौट रही थी। इसी दौरान डॉ. वीरेन्द्र मौर्य के सामने सड़क किनारे बने कच्चे नाले में बस का पिछला हिस्सा धंस गया, जिससे बस पलटने से बाल-बाल बच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार बस चालक कमलेश शुक्ला, निवासी जमुनीपुर ,बरसठी बस लेकर निगोह से सुरियांवा की ओर जा रहे थे। तभी पीछे से आ रहे बाइक सवार दो युवकों ने ओवरटेक करने का प्रयास किया। उन्हें बचाने के प्रयास में चालक ने बस को किनारे किया, जिससे बस के दोनों पिछले पहिए कच्चे नाले में धंस गए। चालक की सूझबूझ और सतर्कता से बस पलटने से बच गई। राहत की बात यह रही कि उस समय बस में कोई छात्र मौजूद नहीं था और इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। चालक पूरी तरह सुरक्षित है।
रिपोर्टर : अनुपम कुमार मौर्य
No Previous Comments found.