भारत माता की जय के नारों से गूंजा डोभी, निकली भव्य तिरंगा यात्रा
जौनपुर - चन्दवक स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर बुधवार को डोभी ब्लॉक परिसर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।जिलाधिकारी के निर्देश पर चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित इस यात्रा की अगुवाई खंड विकास अधिकारी अरविंद कुमार यादव और ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि प्रवीण कुमार सिंह बबलू ने की। तिरंगा यात्रा डोभी ब्लॉक परिसर से निकलकर केराकत पब्लिक इंटर कॉलेज पहुंची, जहां महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया गया। इस दौरान बीडीओ अरविंद कुमार यादव ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से लोगों में देशभक्ति और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना जागृत करने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से शहीदों को नमन करते हुए लोगों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व की जानकारी दी जा रही है।
यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र ‘भारत माता की जय’ और देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। बड़ी संख्या में पुरुषों के साथ स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया। जगह-जगह लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया।
कार्यक्रम में ब्लॉक लेखाकार लालजी, दीपक कुमार, रमेश गौतम, किशन कुमार, राजेश यादव, सचिन नगर, ग्राम प्रधान, सफाईकर्मी, पंचायत कर्मी और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। तिरंगा यात्रा का संचालन सचिव अजीत कुमार ने किया।
रिपोर्टर - विनीत कुमार
No Previous Comments found.