उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
जौनपुर : उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर में 15 अगस्त 2026 को 80वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो0 (डा0) आर0बी0 कमल के दिशा-निर्देशन में सांस्कृतिक नोडल डा0 प्रिंयका सिंह द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ निर्धारित समय पर महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो0 (डा0) आर0बी0 कमल द्वारा ध्वजारोहण कर किया गया तत्पश्चात उपस्थित सभी चिकित्सा शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं अन्य उपस्थित जनों द्वारा राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया तथा राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ का सामूहिक गान किया गया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने समस्त चिकित्सा शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महाविद्यालय में प्रत्येक व्यक्ति का अपना निर्धारित दायित्व एवं कर्तव्य है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ करता है, तो प्रत्येक व्यक्ति का कार्य एक अच्छे समाज के निर्माण में योगदान देता है और अच्छे समाज के निर्माण से ही एक सशक्त एवं विकसित राष्ट्र का निर्माण संभव है।
उन्होंने कहा कि हम सभी को अपने-अपने दायित्वों के प्रति पूर्ण ईमानदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करना चाहिए। विद्यार्थी का प्रमुख दायित्व मन लगाकर अध्ययन करना है, चिकित्सा शिक्षक का दायित्व विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं उचित मार्गदर्शन प्रदान करना है तथा प्रत्येक कर्मचारी का दायित्व अपने निर्धारित कार्यों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं निष्ठापूर्वक निर्वहन करना है।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. (डॉ.) ए. ए. जाफरी ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अस्पताल में कार्यरत प्रत्येक चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं कर्मचारी मरीजों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मानवीय संवेदना, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। मरीजों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि एक चिकित्सा संस्थान की वास्तविक पहचान केवल उसकी सुविधाओं से नहीं, बल्कि वहां कार्य करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सेवा-भावना, व्यवहार एवं कर्तव्यनिष्ठा से होती है। यदि हम अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें, तो निश्चित रूप से एक बेहतर चिकित्सा संस्थान, बेहतर समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में अपना योगदान दे सकते हैं।
समारोह के दौरान महाविद्यालय में अपने दायित्वों का ईमानदारी, निष्ठा एवं उत्कृष्टता के साथ निर्वहन करने वाले कर्मचारियों एवं महाविद्यालय के एम0बी0बी0एस0 अंतिम वर्ष परीक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली छात्रा को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य द्वारा सम्मानित छात्रा एवं कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महाविद्यालय के विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों द्वारा राष्ट्रगीत, देशभक्ति कविताओं एवं भाषण की प्रस्तुतियां दी गईं। प्रस्तुतियों ने समारोह में उपस्थित सभी लोगों में देशभक्ति एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को और अधिक प्रबल किया।
कार्यक्रम के उपरांत महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो0 (डा0) आर0बी0 कमल, चीफ प्रॉक्टर प्रो0 (डा0) रुचिरा सेठी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो0 डा0 ए0ए0 जाफरी एवं अन्य चिकित्सा शिक्षकों द्वारा अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना गया। इस अवसर पर मरीजों को फल एवं मिष्ठान वितरित कर उन्हें स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं तथा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई।
इस अवसर पर महाविद्यालय के चिकित्सा शिक्षक प्रो0 भारती यादव, डा0 ले0 कर्नल सी0बी0एस0 पटले, डा0 विनोद कुमार डा0 अरविन्द पटेल, डा0 अनुज सिंह, डा0 आनन्द सिंह, डा0 जितेन्द्र कुमार, डा0 सरिता पाण्डेय, डा0 ममता डा0 अचल सिंह, डा0 आदर्श यादव, डा0 चन्द्रभान, डा0 विनोद वर्मा, डा0 मुदित चौहान, डा0 पूजा पाठक, डा0 नीवन सिंह, डा0 कुलदीप गुप्ता, डा0 संजीव यादव, डा0 रोहित सरोज, डा0 अवधेश गुप्ता, डा0 दीपिका साव, डा0 अनिल कुमार, डा0 अजय यादव, डा0 पंकज कुमार, डा0 रेनू, डा0 स्वेता सिंह, डा0 बृजेश कन्नौजिया, डा0 दीपिका सिंह एवं अन्य चिकित्सा शिक्षक, छात्र-छात्राएं, कर्मचारी व आस पास के लोग उपस्थित रहें।
रिपोर्टर : शशिकांत मौर्य
No Previous Comments found.