यूजीसी नेट में दो छात्राओं की सफलता से महाविद्यालय का बढ़ा गौरव

शाहगंज/जौनपुर : राम अवध यादव गन्ना कृषक पीजी कॉलेज ताखा की दो छात्राओं ने यूजीसी नेट परीक्षा उत्तीर्ण कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। छात्राओं की सफलता पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुधाकर सिंह ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
महाविद्यालय के प्रोफेसर एवं पूर्व प्राचार्य राम शब्द यादव की पुत्री अंकिता यादव ने राजनीति विज्ञान विषय में यूजीसी नेट परीक्षा उत्तीर्ण की है। वहीं हिंदी विभाग की एक अन्य छात्रा ने भी यूजीसी नेट में सफलता हासिल की है। दोनों छात्राओं की उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।
प्राचार्य डॉ. सुधाकर सिंह ने कहा कि छात्राओं की यह सफलता महाविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय है। उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता की दिशा में निरंतर मार्गदर्शन देने के लिए हिंदी विभाग के शिक्षक डॉ. शैलेन्द्र मणि त्रिपाठी एवं डॉ. शेषमणि यादव को भी बधाई और साधुवाद दिया।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय की गौरवशाली शैक्षणिक परंपरा को आगे बढ़ाने में शिक्षकों का मार्गदर्शन और विद्यार्थियों की मेहनत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी स्टाफ सदस्यों ने दोनों छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

रिपोर्टर : दिवाकर मिश्रा/दीपक सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.