बरसठी में 75 क्विंटल से ज्यादा राशन गायब, कोटेदार पर मुकदमा दर्ज
बरसठी/जौनपुर : क्षेत्र के चकमलाई गांव में सरकारी राशन वितरण में बड़ी अनियमितता सामने आई है। एक सितंबर को हुई अचानक जांच में कोटे की दुकान से 75.51 क्विंटल राशन और चीनी गायब मिली। मामले में कोटेदार राजेश प्यारेलाल जैसवार के खिलाफ बुधवार की जांच के बाद बृहस्पतिवार को स्थानीय थाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया
जांच में 9.96 क्विंटल गेहूं, 64.95 क्विंटल चावल और 60 किलो चीनी का स्टॉक कम मिला। इसके अलावा सितंबर में वितरण के लिए उठाया गया 32.50 क्विंटल चावल भी दुकान पर नहीं मिला। कोटेदार स्टॉक रजिस्टर भी प्रस्तुत नहीं कर सका।
आरोप है कि 36 कार्डधारकों से ई-पॉस मशीन पर अंगूठा लगवाने के बावजूद राशन नहीं दिया गया। पूर्ति विभाग ने लाभार्थियों व उनके परिजनों के बयान दर्ज किए। दुकान पर स्टॉक बोर्ड, रेट बोर्ड, साइन बोर्ड और जरूरी सूचनाएं भी नहीं मिलीं।
पूर्ति निरीक्षक रेनू द्विवेदी के अनुसार, 7-8 महीने से शिकायतें मिल रही थीं। पहले नोटिस और तीन हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया था। सुधार न होने पर दुकान का अनुबंध रद्द कर जिलाधिकारी की अनुमति से मुकदमा दर्ज कराया गया। थानाध्यक्ष जय प्रकाश यादव ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
रिपोर्टर : अनुपम कुमार मौर्य
No Previous Comments found.