शिक्षक दिवस पर आदमपुर विद्यालय में दिखी गुरु-शिष्य की आत्मीयता, शिक्षकों का हुआ सम्मान

बरसठी, जौनपुर :  विकास खंड बरसठी के कम्पोजिट विद्यालय आदमपुर में शनिवार, 05 सितंबर को शिक्षक दिवस हर्षोल्लास और आत्मीय माहौल में मनाया गया। सुबह से ही विद्यालय परिसर में तैयारियों का दौर चलता रहा। कार्यक्रम शुरू होते ही छात्र-छात्राओं ने गीत, कविता, भाषण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। बच्चों की प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस के महत्व और डॉ. राधाकृष्णन के जीवन व शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान की जानकारी दी गई। शिक्षकों ने कहा कि गुरु केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों को अनुशासन, संस्कार और जीवन में सही दिशा चुनने की सीख भी देते हैं।

समारोह के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य सुभाष सरोज सहित शिक्षक संदीप सिंह, त्रिभुवन राम, नीलम सिंह, शालिनी गुप्ता, कंचन एवं मनोज कुमार को विद्यार्थियों की ओर से पुष्प एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। बच्चों ने अपने गुरुजनों का आशीर्वाद लिया। विद्यालय में कार्यरत सभी रसोइयों को भी सम्मानित किया गया।

शिक्षकों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और सफलता ही शिक्षक के लिए सबसे बड़ा सम्मान है। उन्होंने बच्चों से नियमित अध्ययन करने और लक्ष्य के प्रति निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के दौरान विद्यालय परिसर तालियों से गूंजता रहा। गीत, कविता और भाषणों के माध्यम से बच्चों ने गुरु के महत्व को रेखांकित किया। पूरे कार्यक्रम में गुरु-शिष्य के बीच सम्मान और आत्मीयता का भाव देखने को मिला।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी गईं। इस मौके पर शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं, रसोइयों एवं अभिभावकों की मौजूदगी रही।

रिपोर्टर :  अनुपम कुमार मौर्य

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.