कानपुर धर्मशाला में हुई महत्वपूर्ण बैठक, पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने किया जोरदार स्वागत

जौनपुर - घासमंडी रोड स्थित कानपुर धर्मशाला में रविवार को सर्राफा एसोसिएशन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्राफा कारोबारियों की एकजुटता, संगठन की मजबूती और व्यापारियों के हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सर्वसम्मति से जन्मेजय सोनी को सर्राफा एसोसिएशन का नया अध्यक्ष चुना। बैठक की अध्यक्षता जवाहिर लाल सेठ ने की। अध्यक्ष पद के लिए जन्मेजय सोनी के नाम पर सभी सदस्यों ने अपनी सहमति जताई। सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुने जाने के बाद उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों में खुशी का माहौल रहा और सभी ने उन्हें बधाई देते हुए संगठन को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई।

नवनियुक्त अध्यक्ष का स्वागत करते हुए एसोसिएशन के वर्तमान अध्यक्ष गुलाब चंद ने उन्हें माला पहनाकर अभिनंदन किया। वहीं स्वर्णकार समाज के अध्यक्ष सचिन कुमार वर्मा ने भी माला पहनाकर जन्मेजय सोनी का स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर नवनियुक्त अध्यक्ष जन्मेजय सोनी ने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के साथ ही सभी व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा। उन्होंने आपसी सहयोग और एकजुटता को संगठन की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए सभी सदस्यों को साथ लेकर चलने का भरोसा दिलाया।

बैठक में उपस्थित सदस्यों ने कहा कि सर्राफा कारोबारियों के सामने समय-समय पर विभिन्न प्रकार की समस्याएं आती रहती हैं। ऐसे में मजबूत संगठन के माध्यम से व्यापारियों की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए सामूहिक प्रयास किया जाना जरूरी है। सदस्यों ने नवनियुक्त अध्यक्ष से संगठन को सक्रिय एवं मजबूत बनाने की अपेक्षा जताई। बैठक में संतोष सोनी, राजकुमार सेठ, सुनील सोनी, रवि सोनी, संजय कुमार सोनी, संजय कुमार सेठ, आदित्य कुमार सोनी, शिवम सोनी, प्रदीप सेठ, उमेश लाल, आशीष कुमार सोनी, महेंद्र प्रताप वर्मा, विनोद कुमार सोनी, रवि आर्या,सोनी,सहित सर्राफा एसोसिएशन एवं स्वर्णकार समाज के तमाम पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
बैठक के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने नवनियुक्त अध्यक्ष जन्मेजय सोनी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही संगठन की एकजुटता बनाए रखने और सर्राफा कारोबारियों के हित में मिलकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

 रिपोर्टर - दीपक सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.