बेलवाई के अमित दूबे ने बड़े पर्दे पर निभाया टीटीई का किरदार नीम करोली बाबा की जीवनगाथा से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ में अभिनय कर बढ़ाया क्षेत्र का मान
जौनपुर : नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी भक्ति-सेवा से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ में बेलवाई बाजार निवासी अमित दूबे ने टीटीई की भूमिका निभाकर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। बड़े पर्दे की चर्चित आध्यात्मिक ड्रामा फिल्म का हिस्सा बनने पर बेलवाई और आसपास के ग्रामीण अंचल में खुशी का माहौल है। फिल्म में नीम करोली बाबा की आध्यात्मिक यात्रा, सेवा, प्रेम और समर्पण को सिनेमाई रूप में प्रस्तुत किया गया है। अमित दूबे स्वर्गीय भगवती प्रसाद दूबे के पौत्र हैं। स्व. भगवती प्रसाद दूबे श्रीराम कथा आयोजन समिति, बेलवाई के अध्यक्ष रहे और धार्मिक व सामाजिक आयोजनों में सक्रिय भूमिका निभाते थे। धार्मिक-सामाजिक परिवेश वाले परिवार से निकले अमित का अभिनय के क्षेत्र में पहचान बनाना स्थानीय युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक माना जा रहा है। अमित दूबे ने बताया कि उनकी कर्मभूमि लखनऊ रही है। उन्होंने कुछ समय बेंगलुरु में भी बिताया, जबकि उनका बचपन बहराइच और श्रावस्ती में बीता। उनके पिता स्व. महेंद्र दूबे स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत थे। वर्तमान में वह मुंबई में रहकर अभिनय के क्षेत्र में सक्रिय हैं। फिल्म में टीटीई का किरदार निभाना उनके अब तक के सफर की उल्लेखनीय उपलब्धियों में शामिल हो गया है। फिल्म ‘हनुमान अंश’ का कथानक युवा लक्ष्मी नारायण की आध्यात्मिक यात्रा और आगे चलकर नीम करोली बाबा के रूप में उनके व्यक्तित्व के विकास को केंद्र में रखता है। फिल्म में बाबा की सेवा, करुणा, भक्ति और मानवता के संदेश को प्रमुखता दी गई है। कहानी में रेलवे से जुड़ा प्रसंग भी आता है, जिसमें बिना टिकट यात्रा कर रहे साधु को ट्रेन से उतारने के बाद ट्रेन के आगे नहीं बढ़ने की घटना को दिखाया गया है।
ग्राम पंचायत बेलवाई के जमुहट गांव निवासी भोजपुरी हास्य फिल्म अभिनेता मनोज सिंह ‘बताशा चाचा’ ने कहा कि ग्रामीण अंचल से निकलकर मुंबई में अभिनय की दुनिया में पहचान बनाना गौरव की बात है। अमित दूबे की उपलब्धि यह संदेश देती है कि प्रतिभा और लगन के बल पर छोटे कस्बे और गांवों से निकलकर भी बड़े पर्दे तक पहुंचा जा सकता है।
अमित दूबे की उपलब्धि पर दिलीप कुमार मोदनवाल पूर्व प्रधान, उदय नारायण सिंह ‘निर्झर’, भूपेंद्र दूबे, राजेंद्र प्रसाद सिंह, राजेश गिरी, अभय प्रताप सिंह, ओम नारायण दूबे, मनोज दूबे, विनोद त्रिपाठी, बंदना गिरी सहित अन्य लोगों ने बधाई दी। क्षेत्रवासियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि अमित की सफलता परिवार के साथ-साथ शिवधाम बेलवाई के लिए भी गौरव का विषय है।
फिल्म ‘हनुमान अंश’ के एक दृश्य में टीटीई की भूमिका में बेलवाई निवासी अभिनेता अमित दूबे।
अभिनेता अमित दूबे
भोजपुरी फिल्मों के हास्य अभिनेता मनोज सिंह ‘टाइगर’, जिन्होंने अपने अभिनय और हास्य कला से दर्शकों के बीच अलग पहचान बनाई है।
रिपोर्टर : दीपक सिंह / दिवाकर मिश्रा
No Previous Comments found.