कविता पाठ,निबंध,भाषण व वाद-विवाद में छात्र-छात्राओं ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा
शाहगंज - जौनपुर नगर के खुटहन रोड स्थित सेन्ट जेवियर्स स्कूल में सोमवार को हिंदी दिवस के अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। निदेशक अभिषेक आदित्य जायसवाल एवं प्रधानाचार्य राजबल्लभ श्रीवास्तव के दिशा-निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कविता पाठ,निबंध लेखन,भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को उप प्रधानाचार्य लक्ष्मी एम. मोता ने मेडल पहनाकर एवं ट्राफी प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बना। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के प्रति प्रेम, सम्मान और निरंतर अध्ययन के लिए प्रेरित किया।
समापन अवसर पर प्रधानाचार्य राजबल्लभ श्रीवास्तव ने हिंदी दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 14 सितंबर 1949 को संविधान सभा ने हिंदी को भारत की राजभाषा के रूप में मान्यता दी थी। हिंदी केवल भाषा नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक एकता और पहचान का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने मैथिलीशरण गुप्त की पंक्तियों का उल्लेख करते हुए कहा— “निज भाषा उन्नति अहै, सब उन्नति को मूल”, इसलिए प्रत्येक भारतीय को अपनी भाषा का सम्मान करते हुए उसके विकास में योगदान देना चाहिए।
रिपोर्टर - पावनी सोनी

No Previous Comments found.