धनतेरस से पहले सर्राफा बाजार की सुरक्षा बढ़ी, पुलिस ने कसी कमान
जौनपुर : जिला अंतर्गत कोतवाली शाहगंज में आगामी शारदीय नवरात्र, दुर्गा पूजा और धनतेरस को देखते हुए पुलिस ने सर्राफा बाजार की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। मंगलवार को थाना शाहगंज परिसर में क्षेत्राधिकारी शाहगंज प्रतिमा वर्मा की अध्यक्षता में सर्राफा कारोबारियों के साथ सुरक्षा गोष्ठी हुई। इसमें प्रभारी निरीक्षक शाहगंज समेत क्षेत्र के प्रमुख सर्राफा कारोबारी मौजूद रहे। सीओ ने कारोबारियों को प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए। उन्होंने दुकानों में सीसीटीवी कैमरे, सायरन और मजबूत सेफ लगाने तथा कैमरों को 24 घंटे चालू रखने पर जोर दिया। साथ ही दुकानों में अधिक मात्रा में सोना-चांदी खुले में नहीं रखने और ग्राहक बनकर आने वाले संदिग्ध लोगों पर विशेष नजर रखने की हिदायत दी। पुलिस ने दुकान बंद करते समय विशेष सावधानी बरतने और जेवरात लेकर अकेले नहीं जाने की सलाह दी। संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने को कहा गया। पुलिस के अनुसार किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 या थाना शाहगंज के मोबाइल से नंबर 9454403630 पर सूचना दी जा सकती है। आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस ने कारोबारियों से सतर्क रहने और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की।
रिपोर्टर : पावनी सोनी

No Previous Comments found.