पूर्व IAS अभिषेक सिंह की पहल से JPL-2026 का आगाज, 10 विधानसभा की टीमें दिखाएंगी दम
जौनपुर : जौनपुर जिले की खेल प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने की दिशा में पूर्व आईएएस अधिकारी अभिषेक सिंह की पहल पर जौनपुर प्रीमियर लीग (जेपीएल)-2026 का बुधवार को वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के एकलव्य स्टेडियम में भव्य शुभारंभ हुआ। जौनपुर नंबर-1 की पहल के तहत आयोजित इस लीग की पूरी व्यवस्था पूर्व आईएएस अधिकारी अभिषेक सिंह द्वारा अपने स्तर से की जा रही है। शुभारंभ कार्यक्रम में पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह और जिलाधिकारी सैमुअल पॉल बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह में विभिन्न टीमों के कप्तानों की मौजूदगी में जर्सी लॉन्च और ट्रॉफी अनावरण किया गया।जेपीएल-2026 में विधानसभा स्तर पर गठित कुल 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं। आयोजन का उद्देश्य जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को एक बड़ा मंच उपलब्ध कराना और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देना है।
उद्घाटन समारोह में कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने कहा कि कभी समाज में यह कहावत प्रचलित थी कि ‘‘खेलोगे-कूदोगे तो होगे खराब’’, लेकिन अब ‘‘खेलोगे तो खिलोगे’’ की सोच विकसित हुई है। खेल आज युवाओं की किस्मत बदलने के साथ ही सम्मानजनक कैरियर का माध्यम भी बन चुका है। उन्होंने कहा कि जेपीएल विश्वविद्यालय और खेल के बीच मजबूत जुड़ाव का माध्यम बनेगा।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल ने कहा कि जौनपुर को खेल के क्षेत्र मेंनंबर एक जिला बनाने के लिए अभिषेक सिंह द्वारा की गई पहल अत्यंत सराहनीय है। पूर्वांचल विश्वविद्यालय के मंच से जिले की खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देने की यह अच्छी पहल है।मुख्य आयोजक पूर्व आईएएस अभिषेक सिंह ने कहा कि जौनपुर में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें सही अवसर और उचित मार्गदर्शन देने की है। इसी उद्देश्य से विधानसभा स्तर पर 10 टीमों का चयन किया गया है। उन्होंने विश्वविद्यालय के इनडोर स्टेडियम को आयोजन के लिए उपलब्ध कराने पर कुलपति प्रो. आरके सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह, वित्त अधिकारी आत्म प्रकाशधर द्विवेदी, प्रो. प्रमोद यादव, प्रो. अजय प्रताप सिंह, प्रो. मनोज मिश्र, प्रो. प्रदीप कुमार, प्रो. रजनीश भास्कर, प्रो. विनोद कुमार, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ. राहुल राय, वैभव सिंह, सुरेंद्र, रजनीश सिंह, राधेश्याम सिंह समेत शिक्षकगण व अधिकारी मौजूद रहे
रिपोर्टर : शशिकांत मौर्य

No Previous Comments found.