बड़ागांव में गूंजे जय श्रीराम के जयकारे, पुष्पक विमान से निकले प्रभु राम
बड़ागांव, जौनपुर : शाहगंज क्षेत्र के बड़ागांव में सोमवार की रात ऐतिहासिक भरत मिलाप का उत्सव श्रद्धा, उल्लास और आपसी सौहार्द के बीच धूमधाम से संपन्न हुआ। भगवान श्रीराम के पुष्पक विमान के नगर भ्रमण से लेकर रामलीला मंच पर श्रीराम-भरत मिलन तक पूरा क्षेत्र जय श्रीराम के जयकारों से गूंजता रहा। प्रभु श्रीराम और चारों भाइयों के भावपूर्ण मिलन को देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। इस दौरान लोगों ने पुष्पवर्षा कर भगवान के दर्शन किए और उत्सव की खुशियां साझा कीं।
पुष्पक विमान के साथ निकलीं लगभग 25 झांकियां, मुस्लिम समुदाय ने कराया जलपान: भगवान श्रीराम का पुष्पक विमान राम-जानकी पंचायती मंदिर से निकलकर प्रमुख मार्गों से होते हुए नगर भ्रमण पर निकला। शोभायात्रा में शामिल करीब 25 आकर्षक झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। नगर भ्रमण के बाद पुष्पक विमान रामलीला मंच पर पहुंचा, जहां श्रीराम-भरत मिलन का भावपूर्ण मंचन हुआ। उधर, बड़ागांव स्थित अब्दुल गौस मैदान में मुस्लिम समुदाय की ओर से चाय, पानी और नाश्ते का शिविर लगाया गया। समाज सेवी मोहम्मद वारिस हाशमी की पहल पर आयोजित इस शिविर में भरत मिलाप देखने पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं को जलपान कराया गया। इस पहल ने धार्मिक उत्सव के बीच आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब का संदेश दिया। आयोजन के दौरान डीजे प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रही। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को वारिस हाशमी ने पुरस्कृत किया। ऐतिहासिक भरत मिलाप का आयोजन सौरभ अग्रहरि के नेतृत्व में संपन्न हुआ। आयोजन समिति में संरक्षक मुकेश अग्रहरि, उप संरक्षक मुकेश चंद्र अग्रहरि और उपाध्यक्ष राजन अग्रहरि समेत अन्य पदाधिकारियों ने जिम्मेदारी निभाई। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने प्रमुख मार्गों, शोभायात्रा और मिलन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था संभाली। आयोजन समिति के पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों ने भी व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया।
रामचरितमानस की चौपाई
सिय राममय सब जग जानी।
करउँ प्रनाम जोरि जुग पानी॥
भावार्थ: भगवान श्रीराम की व्यापकता और सर्वत्र उनकी उपस्थिति का भाव ही प्रेम, श्रद्धा और समरसता का आधार है। बड़ागांव के भरत मिलाप में धार्मिक आस्था के साथ हिंदू-मुस्लिम एकता की झलक भी इसी भावना को साकार करती नजर आई।
चित्र परिचय—*ल
1. बड़ागांव में भरत मिलाप के दौरान पुष्पक विमान से नगर भ्रमण करते भगवान श्रीराम ,माता सीता , भ्राता लक्ष्मण
2. बड़ागांव के अब्दुल गौस मैदान में भरत मिलाप देखने आए श्रद्धालुओं के लिए चाय-नाश्ते का शिविर लगाकर सेवा करते मुस्लिम समुदाय के लोग।
रिपोर्टर : दीपक

No Previous Comments found.