2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने तेज की संगठनात्मक तैयारियाँ
जौनपुर : उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की आवश्यकता पर जोर दिया है। पार्टी की आगामी रणनीति में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ना तथा समाज के सभी वर्गों के बीच जनसंपर्क बढ़ाना प्रमुख विषय होंगे।
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. जे.पी. सिंह ने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की वास्तविक ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता और मजबूत संगठनात्मक ढाँचे में निहित होती है। इसलिए कार्यकर्ताओं को सम्मान, जिम्मेदारी और संगठन में उचित भागीदारी देना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पार्टी को जिला, विधानसभा, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर संगठन की नियमित समीक्षा करनी चाहिए। युवाओं को रोजगार, शिक्षा, सामाजिक न्याय, किसानों की समस्याओं, महिलाओं की सुरक्षा तथा पिछड़े और वंचित वर्गों के अधिकारों जैसे जनहित के विषयों पर गंभीरता से संवाद स्थापित करना होगा।
डॉ. सिंह ने कहा कि संगठन की मजबूती केवल चुनावी गतिविधियों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि जनता के सुख-दुःख में सहभागी बनना और उनकी समस्याओं को उचित मंच तक पहुँचाना भी पार्टी की प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक एकता, अनुशासन और सक्रिय जनसंपर्क बनाए रखने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों और संगठनात्मक प्राथमिकताओं को जनता के सामने स्पष्ट रूप से रखना आवश्यक है।
रिपोर्टर : मोहम्मद जावेद

No Previous Comments found.