पूर्वांचल की प्रतिभाओं को 17/18/19/नवम्बर देगा राष्ट्रीय पहचान
जौनपुर : पूर्वांचल की उभरती हुई प्रतिभाओं को मंच देकर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना ही पूर्वांचल महोत्सव के आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। इस मंच से निकले कई कलाकार आज बड़े स्तर पर अपनी पहचान बना चुके हैं। महोत्सव के आयोजकों का कहना है कि पूर्वांचल में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उन्हें उचित अवसर और मंच उपलब्ध कराने की है।
आयोजक ने बताया कि पूर्वांचल महोत्सव के माध्यम से कई ऐसे कलाकारों को आगे बढ़ने का अवसर मिला, जिन्होंने आज देश स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने लंगड़ी बुआं से जुड़े एक कलाकार का उदाहरण देते हुए बताया कि उन्होंने पूर्वांचल महोत्सव के मंच से ही अपने कार्यक्रम की शुरुआत की थी और आज उनका नाम काफी बड़ा हो चुका है। इस तरह के आयोजनों से स्थानीय बच्चों को रोजगार के अवसर भी मिले हैं। दूरदर्शन, मुंबई सहित विभिन्न कंपनियों ने यहां के बच्चों को काम के लिए चयनित किया है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष महोत्सव में प्रतिभागियों के चयन के लिए ऑडिशन आयोजित किया गया था। इसमें गोरखपुर, देवरिया, आजमगढ़, गाजीपुर सहित पूर्वांचल के विभिन्न जनपदों से करीब 800 बच्चों ने प्रतिभाग किया। इनमें से चयन प्रक्रिया के बाद 95 प्रतिभागियों को चुना गया है, जो 17, 18 और 19 तारीख को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
महोत्सव में गायन, नृत्य, मॉडलिंग, आर्ट और मेहंदी सहित विभिन्न विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। प्रतिदिन तीन गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही अच्छे संस्कार और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने वाले परिवारों को भी सम्मानित करने की योजना है।
इस वर्ष महोत्सव का विशेष आकर्षण पहली बार आयोजित होने वाली मिस पूर्वांचल और मिस्टर पूर्वांचल प्रतियोगिता होगी। चयनित प्रतिभागियों को पूर्वांचल का ताज पहनाकर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों के लिए पुरस्कार रखे गए हैं। आयोजकों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रतिभागी से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए मेडल, ट्रॉफी और सम्मान प्रदान किए जाएंगे, ताकि कोई भी प्रतिभागी निराश होकर न लौटे।
आयोजक ने बताया कि यह किसी एक व्यक्ति का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि करीब 70 सदस्यों की कमेटी सामूहिक रूप से इस आयोजन में जुटी है। महामंत्री निवेदिता राज सहित सभी पदाधिकारी और सदस्य अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। कार्यक्रम के लिए कोई सरकारी अनुदान नहीं लिया जाता और न ही कोई सरकारी फंड उपलब्ध है। कुछ सहयोगियों के आपसी आर्थिक सहयोग से आयोजन संपन्न कराया जाता है।उन्होंने कहा कि पूर्वांचल महोत्सव दूसरे आयोजनों से अलग है। यहां बाहर के बड़े कलाकारों को बुलाने के बजाय पूर्वांचल की स्थानीय प्रतिभाओं को ही मंच दिया जाता है। उनका मानना है कि कई सरकारी और राजनीतिक आयोजनों में स्थानीय उभरते कलाकारों को अपेक्षित अवसर नहीं मिल पाता। कॉलेजों में पढ़ने वाले ऐसे अनेक युवा हैं, जो अच्छा गाते हैं और अन्य कलाओं में निपुण हैं, लेकिन उन्हें मंच नहीं मिलता। इन्हीं प्रतिभाओं की उपेक्षा को समाप्त करने के उद्देश्य से पूर्वांचल महोत्सव की शुरुआत की गई।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस आयोजन के पीछे कोई राजनीतिक या चुनावी महत्वाकांक्षा नहीं है। उनका उद्देश्य केवल युवाओं को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां से वे अपनी प्रतिभा के दम पर देश-विदेश में पहचान बना सकें। महोत्सव में मंत्री, विधायक, सांसद, कुलपति सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।अंत में उन्होंने विश्वास जताया कि जब तक कमेटी के सदस्यों में सामर्थ्य और उत्साह रहेगा, पूर्वांचल महोत्सव के माध्यम से पूर्वांचल की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास जारी रहेगा।
रिपोर्टर : शशिकांत मौर्य

No Previous Comments found.