ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली समझाकर दूर की गईं मतदाताओं की शंकाएं एसडीएम अंकुर वर्मा ने बूथों का किया निरीक्षण, मतदान प्रक्रिया की दी जानकारी

जौनपुर :  मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली से अवगत कराने तथा मतदान प्रक्रिया को लेकर उनकी शंकाओं का समाधान करने के उद्देश्य से शनिवार को शाहगंज तहसील परिसर में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान लोगों को ईवीएम और वीवीपैट मशीन के संचालन, मतदान की प्रक्रिया तथा वोट के सत्यापन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

अभियान के दौरान बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से ईवीएम के साथ वीवीपैट मशीन जोड़ी गई है, जिससे मतदाता अपने डाले गए वोट का सत्यापन कर सकते हैं। मतदान के बाद वीवीपैट की स्क्रीन पर संबंधित प्रत्याशी का नाम और चुनाव चिह्न कुछ सेकंड के लिए दिखाई देता है। इसके बाद पर्ची मशीन के ड्रॉप बॉक्स में गिर जाती है। इसी क्रम में एसडीएम अंकुर वर्मा ने प्राथमिक विद्यालय पुरानी बाजार, नगर पालिका बूथ सहित आसपास के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने लोगों को मशीनों की कार्यप्रणाली समझाने के साथ उनकी जिज्ञासाओं और आशंकाओं का समाधान किया।

एसडीएम अंकुर वर्मा ने कहा कि मतदान प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखना निर्वाचन आयोग की प्राथमिकता है। वीवीपैट के माध्यम से मतदाता अपने द्वारा डाले गए वोट का तत्काल सत्यापन कर सकते हैं। ईवीएम और वीवीपैट को लेकर किसी के मन में कोई भ्रम या शंका नहीं रहनी चाहिए। इसी उद्देश्य से जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को मशीनों की वास्तविक कार्यप्रणाली समझाई जा रही है, ताकि प्रत्येक मतदाता पूरी जानकारी और विश्वास के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।

रिपोर्टर : दिवाकर मिश्रा/दीपक सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.