अखिलेश यादव के कार्यक्रम में पूर्व विधायक की जेब कटी! 27,500 रुपये गायब
उत्तर प्रदेश के संभल में समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद जावेद अली खान के बेटे की रिसेप्शन पार्टी उस वक्त चर्चा में आ गई, जब समारोह में पहुंचे पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता हाजी इकराम कुरैशी ने अपनी जेब कटने का आरोप लगाया। उनका दावा है कि जेबकतरे उनकी दोनों जेबों से कुल 27 हजार 500 रुपये निकालकर फरार हो गए। घटना के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान उनका गुस्सा भी कैमरे में कैद हो गया।
दरअसल, संभल में जावेद अली खान के बेटे की रिसेप्शन पार्टी का आयोजन किया गया था। समारोह में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी नवदंपति को आशीर्वाद देने पहुंचे थे। उनके पहुंचने के बाद कार्यक्रम में नेताओं और मेहमानों की भीड़ बढ़ गई। इसी दौरान पूर्व विधायक हाजी इकराम कुरैशी की जेब कटने की घटना सामने आई।
हाजी इकराम कुरैशी ने पत्रकारों को बताया कि उनकी एक जेब में 25 हजार रुपये नकद रखे थे, जबकि दूसरी जेब में ढाई हजार रुपये का लिफाफा था। उनका आरोप है कि भीड़ का फायदा उठाकर जेबकतरे दोनों जेबों से कुल 27 हजार 500 रुपये लेकर फरार हो गए। जेब कटने की घटना को लेकर जब पत्रकारों ने उनसे सवाल किया तो उन्होंने अपनी परेशानी बताई। लेकिन जब उनसे पूछा गया कि समारोह में कौन-कौन से बड़े नेता पहुंचे हैं, तो वह नाराज हो गए।
हाजी इकराम कुरैशी ने कहा, "मुझे नहीं पता यार... मेरी यहां पर मत खराब हो रही है और तुम मुझसे उल्टे-सीधे सवाल पूछ रहे हो। मुझे क्या पता कौन-कौन से नेता आए हैं, इस बारे में तो तुम्हें पता होगा।" उनका यह जवाब भी अब चर्चा का विषय बना हुआ है। एक तरफ समारोह में कथित जेबकतरी की घटना और दूसरी तरफ पत्रकारों के सवाल पर उनकी नाराजगी ने पूरे मामले को सुर्खियों में ला दिया है।
फिलहाल, रिसेप्शन पार्टी में हुई इस कथित जेबकतरी को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। सवाल यह भी है कि इतने बड़े राजनीतिक समारोह में सुरक्षा व्यवस्था के बीच जेबकतरे कैसे सक्रिय हो गए और क्या इस मामले में कोई शिकायत या कार्रवाई हुई है?

No Previous Comments found.