ओलावृष्टि से तबाह फसलें, पूर्व विधायक वालसिंह मेडा ने किया प्रभावित क्षेत्रों का दौरा

झकनावदा : बोलासा कानाकुआं–सेमरोड–बखतपूरा क्षेत्र में हाल ही में हुई भारी ओलावृष्टि से किसानों की फसलें बुरी तरह तबाह हो गई हैं। इस प्राकृतिक आपदा से गेहूं, चना, मक्का सहित अन्य रबी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। खेतों में खड़ी फसलें पूरी तरह गिर गईं, जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है। इसी क्रम में पूर्व विधायक वालसिंह मेडा ने प्रभावित गांवों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर नुकसान की जानकारी ली और खेतों में पहुंचकर फसल क्षति को देखा। इस दौरान उन्होंने प्रशासन से मांग की कि तत्काल सर्वे कराकर किसानों को उचित एवं पर्याप्त मुआवजा दिया जाए, ताकि पीड़ित किसानों को राहत मिल सके। पूर्व विधायक मेडा ने कहा कि ओलावृष्टि ने किसानों की आर्थिक स्थिति को झकझोर कर रख दिया है। कई किसानों की पूरी फसल नष्ट हो चुकी है, ऐसे में सरकार का दायित्व बनता है कि वह संवेदनशीलता दिखाते हुए शीघ्र सहायता उपलब्ध कराए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय पर मुआवजा नहीं दिया गया तो कांग्रेस किसानों के हित में आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी।

दौरे के दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शक्ति सिंह सेमलिया, यशवर्धन सिंह उमरकोट, कालू भाई सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के आमजन उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में किसानों को राहत देने की मांग की और प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई। ग्रामीणों ने बताया कि ओलावृष्टि के कारण न केवल फसलें नष्ट हुई हैं, बल्कि कई किसानों पर कर्ज का बोझ भी बढ़ गया है। उन्होंने शासन से फसल बीमा राशि का शीघ्र भुगतान एवं अतिरिक्त आर्थिक सहायता देने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने भरोसा दिलाया कि किसानों की आवाज को हर स्तर पर उठाया जाएगा और जब तक किसानों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।

रिपोर्टर : मनीष कुमट

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.