झाबुआ में डीजे प्रतिबंध के बावजूद बजा तेज साउंड,पुलिस की बड़ी कार्रवाई-डीजे वाहन जब्त,ऑपरेटर गिरफ्तार
झकनावदा (झाबुआ) : जिले में डीजे प्रतिबंध के बावजूद तेज आवाज में डीजे बजाना अब लोगों को भारी पड़ रहा है। प्रशासन द्वारा सख्ती के बावजूद नियमों की अनदेखी करने वालों पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। ताजा मामला झकनावदा क्षेत्र से सामने आया है, जहां पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डीजे से लैस वाहन को जब्त कर लिया और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जबकि झाबुआ कलेक्टर नेहा मीणा के निर्देशानुसार जिले में डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है। इसी के पालन में जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में झकनावदा चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह सिसोदिया अपनी टीम के साथ लगातार सक्रिय कार्रवाई कर रहे हैं।
घटना के अनुसार, झकनावदा क्षेत्र में एक आईसर वाहन में तेज आवाज में डीजे बजाते हुए वाहन गुजर रहा था, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था और ध्वनि प्रदूषण भी फैल रहा था। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और वाहन को रोक लिया।
मौके का फ़ायदा उठाकर चालक मौके से फ़रार
हालांकि, मौके का फायदा उठाकर वाहन चालक फरार हो गया, लेकिन डीजे संचालित कर रहे गौरव पिता विक्रम वास्केल निवासी धार को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने डीजे वाहन को जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इनका रहा सहयोग
इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक राजवीर सिंह जाट, आरक्षक राजू मुवेल और आरक्षक शंकर का विशेष सहयोग रहा।
प्रशासन डीजे प्रतिबंध को लेकर पूरी तरह गंभीर
पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से यह स्पष्ट हो गया है कि जिला प्रशासन डीजे प्रतिबंध को लेकर पूरी तरह गंभीर है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इसी तरह लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
रिपोर्टर : मनीष कुमट


No Previous Comments found.