रतलाम-झाबुआ मार्ग पर कछुआ चाल से निर्माण, धूल और गड्ढों के बीच करवड़ के ग्रामीण और राहगीर बेहाल

 झाबुआ : रतलाम-झाबुआ मार्ग पर चल रहा सड़क निर्माण कार्य आम जनता के लिए जी का जंजाल बन गया है। पिछले करीब एक महीने से शुरू हुआ यह काम कछुआ चाल से चलने के कारण राहगीरों की मुसीबतें बढ़ा रहा है। ठेकेदार ने सड़क को खोदकर तो छोड़ दिया है, लेकिन निर्माण की गति बेहद धीमी होने से इस मार्ग की हालत बदतर हो गई है। स्थिति यह है कि एक तरफ गिट्टियां बिखरी पड़ी हैं तो दूसरी तरफ वाहनों के गुजरने से धूल का गुबार उठता है, जिससे छोटे-बड़े वाहन चालकों को निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सबसे ज्यादा खराब हालात करवड़ क्षेत्र के हैं, जहां पिछले कुछ दिनों से काम पूरी तरह बंद पड़ा है। सड़क किनारे स्थित फल-फ्रूट की दुकानों और होटलों पर धूल की मोटी परत जम रही है, जिससे खाने-पीने की सामग्री खराब हो रही है और दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उड़ती धूल के कारण क्षेत्र में बीमारी फैलने का अंदेशा भी बना हुआ है। स्थानीय निवासियों और व्यापारियों में प्रशासन व ठेकेदार की इस लापरवाही के खिलाफ भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने मांग की है कि रुके हुए कार्य को जल्द से जल्द पूरा किया जाए ताकि लोगों को इस नारकीय स्थिति से निजात मिल सके।

रिपोर्टर : विनोद शर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.